Contact for Advertisement 9650503773


Delhi Murder: बैटरी चोरी के शक में ई-रिक्शा चालक की पीट-पीटकर हत्या, पार्किंग अटेंडेंट पर आरोप

- Photo by : social media

दिल्ली  Published by: Yashoda Bahuguna , Date: 14/11/2026 05:03:35 pm Share:
  • दिल्ली
  • Published by: Yashoda Bahuguna ,
  • Date:
  • 14/11/2026 05:03:35 pm
Share:

संक्षेप

दिल्ली: राजधानी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में बैटरी चोरी के शक ने हिंसक रूप ले लिया। यहां एक पार्किंग अटेंडेंट पर ई-रिक्शा चालक की बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने का आरोप है।

विस्तार

दिल्ली: राजधानी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में बैटरी चोरी के शक ने हिंसक रूप ले लिया। यहां एक पार्किंग अटेंडेंट पर ई-रिक्शा चालक की बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों के बीच आक्रोश का माहौल बन गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 65 वर्षीय गोवर्धन के रूप में हुई है। वह जहांगीरपुरी इलाके में अपने परिवार के साथ रहते थे और ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। बताया जा रहा है कि घटना बुधवार सुबह करीब चार बजे की है, जब वह रोजाना की तरह काम के लिए घर से निकले थे।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, पार्किंग अटेंडेंट विकास ने गोवर्धन पर बैटरी चोरी करने का शक जताया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि कहासुनी के दौरान विकास ने लकड़ी के डंडे से गोवर्धन पर हमला कर दिया। मारपीट इतनी गंभीर थी कि उनकी मौत हो गई। इसके बाद शव को पास के नाले में फेंक दिया गया।

सुबह स्थानीय लोगों ने नाले में शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जहांगीरपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को भी घटनास्थल पर बुलाया। जांच के दौरान शव के पास से लकड़ी का डंडा भी बरामद किया गया। मृतक के सिर और शरीर पर चोटों के निशान मिले थे।

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी विकास (32) को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।