-
☰
उत्तर प्रदेश: ODOP फर्नीचर प्रोजेक्ट का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने पर दिया जोर
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: जनपद महराजगंज में "एक जनपद एक उत्पाद" (ODOP) योजना को और अधिक प्रभावी बनाने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक श्री शक्ति मोहन अवस्थी ने सोमवार को थाना घुघली क्षेत्र के ग्राम रामपुर बलडीहा स्थित ODOP फर्नीचर प्रोजेक्ट का स्थलीय निरीक्षण किया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: जनपद महराजगंज में "एक जनपद एक उत्पाद" (ODOP) योजना को और अधिक प्रभावी बनाने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक श्री शक्ति मोहन अवस्थी ने सोमवार को थाना घुघली क्षेत्र के ग्राम रामपुर बलडीहा स्थित ODOP फर्नीचर प्रोजेक्ट का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने फर्नीचर निर्माण इकाई की कार्यप्रणाली, उत्पादों की गुणवत्ता, आधुनिक मशीनों के संचालन और वहां कार्यरत कारीगरों एवं श्रमिकों की कार्य परिस्थितियों का गहन अवलोकन किया। अधिकारियों ने तैयार किए जा रहे फर्नीचर की गुणवत्ता और डिजाइन पर विशेष ध्यान देते हुए उद्यमियों को बेहतर फिनिशिंग तथा आधुनिक तकनीकों के उपयोग के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी श्री गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि महराजगंज के फर्नीचर उत्पादों को प्रदेश और देश के बाजारों में एक अलग पहचान दिलाने के लिए गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने उद्यमियों से नवीन डिजाइन और उच्च मानकों को अपनाने का आह्वान किया। वहीं पुलिस अधीक्षक श्री शक्ति मोहन अवस्थी ने उद्यमियों और व्यापारियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कहा कि स्थानीय पुलिस व्यापारिक गतिविधियों को सुचारु रूप से संचालित कराने में हर संभव सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि ODOP योजना स्थानीय प्रतिभा और पारंपरिक कौशल को नई पहचान देने के साथ-साथ युवाओं को उनके क्षेत्र में ही रोजगार उपलब्ध करा रही है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परियोजना में कार्यरत कारीगरों के उत्कृष्ट कौशल की सराहना की तथा उनका उत्साहवर्धन किया। प्रशासनिक अधिकारियों के इस दौरे से स्थानीय उद्यमियों और श्रमिकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी, स्थानीय पुलिस बल तथा परियोजना से जुड़े उद्यमी भी उपस्थित रहे।ODOP योजना के माध्यम से महराजगंज का फर्नीचर उद्योग नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।