Contact for Advertisement 9650503773


मध्य प्रदेश: सफाई व्यवस्था हुई ठप, गांव की महिलाओं ने संभाली नालियों की सफाई

- Photo by : social media

मध्य प्रदेश  Published by: Khwaja Hussain , Date: 30/05/2026 11:04:55 am Share:
  • मध्य प्रदेश
  • Published by: Khwaja Hussain ,
  • Date:
  • 30/05/2026 11:04:55 am
Share:

संक्षेप

मध्य प्रदेश: सिंगोली तहसील, थडोद ग्राम पंचायत थडोद में सफाई व्यवस्था पूरी तरह भगवान भरोसे चल रही है।

विस्तार

मध्य प्रदेश: सिंगोली तहसील, थडोद ग्राम पंचायत थडोद में सफाई व्यवस्था पूरी तरह भगवान भरोसे चल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत को हर वर्ष सफाई के लिए लाखों रुपये का फंड मिलता है, लेकिन गांव की गलियों और नालियों की हालत देखकर यह सवाल उठ रहा है कि आखिर यह पैसा खर्च कहाँ हो रहा है? गांव की नालियाँ गंदगी से अटी पड़ी हैं, जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं और बदबू के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि पंचायत की जिम्मेदारी निभाने के बजाय अब गांव की महिलाएँ खुद हाथों में फावड़ा और तसला लेकर नालियों की सफाई करने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि कई बार पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। सरपंच और सचिव पर भी ग्रामीणों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि सफाई के लिए नियमित रूप से फंड आता है तो फिर गांव में गंदगी का अंबार क्यों लगा है? गंदगी और रुके हुए पानी से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत प्रशासन की लापरवाही के कारण पूरे गांव का स्वास्थ्य दांव पर लगा हुआ है।

अब ग्रामीण मांग कर रहे हैं कि पंचायत में सफाई मद में आए फंड और उसके खर्च की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सफाई व्यवस्था नहीं सुधरी तो वे जनआंदोलन करने को मजबूर होंगे।

सबसे बड़ा सवाल

"जब सफाई का पैसा आ रहा है, तो गांव में सफाई क्यों नहीं हो रही? आखिर विकास किसका हो रहा है और जनता को उसका लाभ क्यों नहीं मिल रहा?"