-
☰
Major Robbery Case Cracked: कृष्णानगर में कारोबारी से 30 लाख की लूट का हुआ खुलासा, 8 घंटे के भीतर चार आरोपियों को धर दबोचा
- Photo by : SOCIAL MEDIA
संक्षेप
दिल्ली: राजधानी दिल्ली के कृष्णानगर इलाके में कारोबारी से करीब 30 लाख रुपये लूटने के मामले में शाहदरा जिला पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए वारदात के महज आठ घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया हैं।
विस्तार
दिल्ली: राजधानी दिल्ली के कृष्णानगर इलाके में कारोबारी से करीब 30 लाख रुपये लूटने के मामले में शाहदरा जिला पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए वारदात के महज आठ घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया हैं। गिरफ्तार आरोपियों में दो नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई रकम में से करीब 19.05 लाख रुपये बरामद किए हैं। चोरी की स्कूटी और हथियार भी बरामद पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चोरी की स्कूटी, एक देशी पिस्तौल और लूट के पैसों से खरीदे गए तीन नए आईफोन भी मिले हैं। पुलिस अब बरामदगी के आधार पर मामले की जांच को आगे बढ़ा रही है और बाकी रकम की तलाश की जा रही है। शाहदरा के डीसीपी आरपी मीणा के मुताबिक विवेक विहार फेज-2 के रहने वाले कारोबारी संजय जैन शुक्रवार को करीब 30 लाख रुपये लाल रंग के बैग में लेकर गांधी नगर स्थित अपनी रेडीमेड कपड़ों की दुकान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कृष्णानगर के ई-ब्लॉक में पीछे से स्कूटी पर पहुंचे चार बदमाशों ने उनका बैग छीन लिया और विजय चौक की ओर फरार हो गए। हाथ पर पट्टी वाले बदमाश से मिला अहम सुराग पीड़ित कारोबारी ने पुलिस को बताया कि लूट में शामिल चार लोगों में से पीछे बैठे एक युवक के हाथ पर पट्टी बंधी हुई थी। यह जानकारी जांच के दौरान पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सुराग साबित हुई। इसके बाद टीम ने घटनास्थल से लेकर बदमाशों के संभावित भागने वाले रास्तों की जांच शुरू की। वारदात के बाद पुलिस टीम ने आसपास और रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज में स्कूटी की गतिविधियों और उसके रूट का पीछा करते हुए पुलिस आरोपितों तक पहुंच गई। पुलिस ने दीपक, उमंग उर्फ मंगू उर्फ अमन और दो 17 वर्षीय नाबालिगों को हिरासत में लिया। लूट की साजिश रचने का आरोप पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि दीपक ने लूट की योजना तैयार की थी। उसने कारोबारी के पास बड़ी रकम होने की जानकारी अन्य आरोपियों को दी थी। बताया जा रहा हैं की उमंग के खिलाफ शाहदरा थाने में पहले से आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज होने की बात भी सामने आई है। पूछताछ में यह भी सामने आया हैं की आरोपियों ने लूट के बाद रकम का कुछ हिस्सा मौज-मस्ती और दूसरे खर्चों में इस्तेमाल कर दिया। पुलिस के मुताबिक करीब 80 हजार रुपये पार्टी आदि में खर्च किए जा चुके हैं। बाकी रकम की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार कोशिश कर रही है। एक अन्य आरोपी अभी फरार जांच में कैफ नाम के एक अन्य व्यक्ति की भूमिका भी सामने आई है, जो फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही आरोपियों से जुड़े अन्य लोगों और लूट की बची रकम के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पकड़े गए आरोपी इससे पहले किसी अन्य आपराधिक वारदात में शामिल रहे हैं या नहीं। उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच के साथ फरार आरोपी कैफ की तलाश भी जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।