Contact for Advertisement 9650503773


Land Dispute Became Gangwar: 1000 गज जमीन का विवाद बना खूनी गैंगवॉर! 3 हत्याओं के बाद अब जिम ट्रेनर विजय कुमार की हुई हत्य

- Photo by : social media

दिल्ली  Published by: Shikha , Date: 15/09/2026 12:52:50 pm Share:
  • दिल्ली
  • Published by: Shikha ,
  • Date:
  • 15/09/2026 12:52:50 pm
Share:

संक्षेप

दिल्ली: आया नगर में जिम ट्रेनर विजय कुमार की हत्या ने इलाके को हिलाकर रख दिया है।

विस्तार

दिल्ली: आया नगर में जिम ट्रेनर विजय कुमार की हत्या ने इलाके को हिलाकर रख दिया है। पुलिस इस हत्याकांड को करीब एक हजार गज जमीन के विवाद से जुड़े गैंगवॉर से जोड़कर देख रही है। इस विवाद में अब तक तीन हत्याएं हो चुकी हैं और गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। विजय कुमार की पत्नी रितु के मुताबिक, 8 सितंबर को ही विजय ने उनके साथ अपना जन्मदिन मनाया था। इसी दौरान रितु ने पुरानी रंजिश को देखते हुए विजय को कुछ दिनों के लिए कहीं और चले जाने की सलाह दी थी। उन्हें डर था कि विजय के साथ कोई अनहोनी हो सकती है। लेकिन विजय ने उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया। उनका कहना था कि उनका किसी से कोई झगड़ा नहीं है।

12 सितंबर की सुबह विजय रोज की तरह करीब 4 बजे घर से जिम के लिए निकले। सुबह करीब 8:30 बजे उनकी पत्नी से फोन पर बात हुई। विजय ने घर पर खाना बनाने के लिए कहा। इसके बाद 10 बजे से पहले आखिरी बार फोन पर बातचीत हुई, जिसमें विजय ने कहा था कि वह हुक्का लेकर आ रहे हैं। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटे। कुछ समय बाद उनकी हत्या की खबर सामने आई। पुलिस के मुताबिक, आया नगर में यह विवाद दो पुराने दोस्तों अरुण लोहिया और दीपक लोहिया के बीच शुरू हुआ था। दोनों साझेदारी में प्रॉपर्टी का कारोबार करते थे। करीब एक हजार गज जमीन को लेकर 2023 में दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ। पंचायत के जरिए मामला सुलझाने की कोशिश हुई, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ।

पुलिस का दावा है कि अप्रैल 2024 में दीपक और उसके साथियों ने अरुण की पिटाई की थी। इस मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज हुआ। बाद में 15 मई 2025 को साकेत कोर्ट में सुनवाई के बाद घर लौट रहे अरुण पर छतरपुर मेट्रो स्टेशन के पास गोलियां चलाई गईं, जिसमें उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने दीपक समेत कई आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की। इसके बाद 30 नवंबर 2025 को आया नगर में दीपक के पिता रतन लोहिया की ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इसे अरुण की हत्या का बदला बताया। जांच में जेल में बंद और विदेश में मौजूद कथित गैंगस्टरों की भूमिका भी सामने आने की बात कही गई। अब विजय कुमार की हत्या को भी इसी गैंगवॉर से जोड़कर जांच की जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा बढ़ाई गई है। हालांकि विजय की हत्या की असली वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगी।