-
☰
Murder for Gold: 80 लाख के सोने पर थी नजर, भतीजी ने बॉयफ्रेंड संग रची हत्या की साजिश, 3 घंटे में खुला खौफनाक राज
- Photo by : social media
संक्षेप
दिल्ली: रोहिणी सेक्टर-3 में 60 वर्षीय राकेश खन्ना की हत्या और लूट के मामले का पुलिस ने महज तीन घंटे में खुलासा कर दिया।
विस्तार
दिल्ली: रोहिणी सेक्टर-3 में 60 वर्षीय राकेश खन्ना की हत्या और लूट के मामले का पुलिस ने महज तीन घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक, राकेश खन्ना ने हाल ही में एक फ्लैट करीब 80 लाख रुपये में बेचा था। इस रकम को उन्होंने सोने में बदल लिया था। परिवार की गतिविधियों और घर की जानकारी रखने वाली उनकी पत्नी की 23 वर्षीय भतीजी सिमरन तनेजा की नजर इसी सोने पर थी। आरोप है कि सिमरन ने अपने बॉयफ्रेंड हिमांशु और उसके दो साथियों चिराग व पारस के साथ मिलकर लूट की साजिश रची। डुप्लीकेट चाबी की मदत से घर में घुसे आरोपी पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 30 अगस्त को घर की रेकी की थी। इसके बाद मंगलवार को सिमरन ने अपनी मौसी और अन्य रिश्तेदारों को स्थानीय मेले में जाने के लिए राजी कर लिया, जिससे राकेश घर में अकेले रह गए। आरोप है कि सिमरन ने फ्लैट के सेंट्रल लॉक की डुप्लीकेट चाबी भी हासिल कर ली थी। शाम करीब 7:30 बजे सिमरन और हिमांशु घर के बाहर निगरानी कर रहे थे, जबकि चिराग और पारस घर के अंदर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, दोनों ने राकेश की हत्या कर घर में रखे सोने और नकदी की तलाश शुरू कर दी। 1.5 लाख कैश और गहने लेकर हुए फरार आरोपियों ने घर की अलमारियों और दराजों को खंगाला, लेकिन राकेश ने ज्यादातर सोना ऐसी जगह छिपाकर रखा था, जिसकी जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को भी नहीं थी। आरोपी करीब 1.5 लाख रुपये नकद और कुछ सोने के आभूषण ही ले जा सके। मेले से लौटने पर राकेश की पत्नी ने घर को अस्त-व्यस्त देखा और उन्हें फर्श पर बेहोश पाया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और राकेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। CCTV और मोबाइल लोकेशन से खुला राज मामले की जांच के लिए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल की फोरेंसिक जांच के साथ CCTV फुटेज, मोबाइल लोकेशन और कॉल रिकॉर्ड खंगाले। जांच के दौरान सिमरन की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। पुलिस के मुताबिक, उसके बयानों में भी विरोधाभास सामने आया। इसके बाद पूछताछ में साजिश की कड़ियां जुड़ती चली गईं। पुलिस ने सिमरन, चिराग और पारस को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि हिमांशु अभी फरार है। आरोपियों के पास से 70 हजार रुपये और सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।