-
☰
मध्य प्रदेश: शिक्षक दिवस पर शिक्षिका की भूमिका निभाने वाली छात्राओं को किया गया सम्मानित
- Photo by : social media
संक्षेप
मध्य प्रदेश: संत हिरदाराम नगर शिक्षक दिवस के अवसर पर बजरंग सेना समिति की ओर से ज्वाला कान्वेंट स्कूल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
विस्तार
मध्य प्रदेश: संत हिरदाराम नगर शिक्षक दिवस के अवसर पर बजरंग सेना समिति की ओर से ज्वाला कान्वेंट स्कूल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षक दिवस पर शिक्षिका की भूमिका निभाने वाली छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उपहार एवं पेन देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य राज बतरा ने बजरंग सेना समिति के कार्यकर्ताओं का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। समिति के सदस्य महेश खटवानी ने कहा कि शिक्षक दिवस के अवसर पर छात्राओं द्वारा शिक्षिका की भूमिका निभाना सराहनीय पहल है। उन्होंने छात्राओं के प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियों से विद्यार्थियों में जिम्मेदारी, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। समिति के महासचिव गुरदास रामचंदानी ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन शिक्षा और शिक्षकों के सम्मान को विशेष महत्व देते थे। इसी भावना के चलते हर वर्ष 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि डॉ. राधाकृष्णन के विद्यार्थियों ने जब उनके जन्मदिन को मनाने की इच्छा जताई थी, तब उन्होंने अपने जन्मदिन के बजाय इस दिन को शिक्षकों के सम्मान के लिए समर्पित करने की बात कही थी। इसके बाद से देश में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाने की परंपरा शुरू हुई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने शिक्षा के महत्व तथा शिक्षक-छात्र संबंधों पर भी विचार साझा किए। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षकों के प्रति सम्मान और उनके योगदान के महत्व से परिचित कराना रहा। इस अवसर पर बजरंग सेना समिति के अध्यक्ष कमलेश देवानी, महेश खटवानी, महासचिव गुरदास रामचंदानी, सचिव राज कुमार धानुक और जगदीश कुमार सांवले सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।