-
☰
Broken Eggs Dispute: अंडे टूटने के मामूली विवाद में युवक की करी पीट-पीटकर हत्या, तीन आरोपी हुए गिरफ्तार
- Photo by : social media
संक्षेप
राजस्थान: राजधानी जयपुर में मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली। गुर्जर की थड़ी क्षेत्र में अंडे टूटने को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही मिनटों में खूनी संघर्ष में बदल गया।
विस्तार
राजस्थान: राजधानी जयपुर में मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली। गुर्जर की थड़ी क्षेत्र में अंडे टूटने को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही मिनटों में खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि चार लोगों ने 28 वर्षीय बलवीर सिंह जाटव पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बलवीर को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावर युवक पर लगातार डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि आसपास मौजूद कई लोग मूकदर्शक बने रहे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। टकराने के बाद बढ़ा विवाद, हमले में गई जान पुलिस के अनुसार, मृतक बलवीर सिंह जाटव मूल रूप से मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले का निवासी था और जयपुर में मार्बल-टाइल्स लगाने का काम करता था। मंगलवार शाम वह बाजार से गुजर रहा था, तभी अंडे लेकर जा रहे एक नाबालिग से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर लगने से अंडे टूट गए, जिसके बाद नाबालिग ने अपने साथियों को बुला लिया। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और आरोपियों ने बलवीर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर हालत में उसे एसएमएस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। इलाके में असामाजिक तत्वों का आतंक, लोगों में डर स्थानीय लोगों का आरोप है कि गुर्जर की थड़ी क्षेत्र में स्थित शराब के ठेके के आसपास आए दिन असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। नशे में धुत युवक अक्सर राहगीरों से विवाद करते हैं और महिलाओं व छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं। मृतक के परिजनों का आरोप है कि इलाके में लंबे समय से गुंडागर्दी का माहौल है, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। घटना के दौरान भी कई लोग मौके पर मौजूद थे, लेकिन भय के कारण कोई बीच-बचाव करने आगे नहीं आया। मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तीन आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग निरुद्ध घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष कुमार सोलंकी, रमजान अली और रोहित यादव के रूप में हुई है, जबकि उनके एक नाबालिग साथी को निरुद्ध किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही घटना के पीछे की पूरी परिस्थितियों और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।