-
☰
Delhi Murder and Robbery Case: रोहिणी में 60 वर्षीय कारोबारी की हत्या-लूट का खुलासा, रिश्तेदार युवती समेत तीन गिरफ्तार
- Photo by : social media
संक्षेप
दिल्ली: रोहिणी सेक्टर-3 में 60 वर्षीय राकेश खन्ना की हत्या और लूट के मामले का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा करने का दावा किया है।
विस्तार
दिल्ली: रोहिणी सेक्टर-3 में 60 वर्षीय राकेश खन्ना की हत्या और लूट के मामले का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार वारदात के पीछे मृतक की पत्नी की 23 वर्षीय भतीजी सिमरन तनेजा और उसके साथियों की कथित साजिश सामने आई है। मामले में सिमरन, चिराग और पारस को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका कथित प्रेमी हिमांशु अभी फरार बताया जा रहा है। 80 लाख रुपये में फ्लैट बेचने के बाद बढ़ी आरोपियों की नजर जांच में सामने आया हैं की राकेश खन्ना ने हाल ही में करीब 80 लाख रुपये में अपना फ्लैट बेचा था। बताया जा रहा है कि सौदे से मिली रकम को उन्होंने सोने में बदल लिया था। पुलिस का कहना है कि परिवार की गतिविधियों की जानकारी रखने वाली सिमरन को इसकी जानकारी हो गई थी। इसके बाद उसने हिमांशु, चिराग और पारस के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने 30 अगस्त को राकेश खन्ना के घर की रेकी की थी। वारदात वाले दिन सिमरन ने अपनी मौसी यानी राकेश की पत्नी और अन्य रिश्तेदारों को स्थानीय मेले में जाने के लिए राजी कर लिया था, जिसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों के बाहर जाने के बाद राकेश घर में अकेले रह गए। पुलिस के मुताबिक राकेश हृदय रोग से भी पीड़ित थे। डुप्लीकेट चाबी के जरिए घर में घुसने का आरोप जांच में पुलिस को पता चला कि सिमरन ने फ्लैट के सेंट्रल लॉक की डुप्लीकेट चाबी हासिल कर ली थी। पुलिस के मुताबिक शाम करीब 7:30 बजे सिमरन और हिमांशु घर के बाहर निगरानी कर रहे थे, जबकि चिराग और पारस घर के अंदर दाखिल हुए थे। पुलिस का आरोप है कि घर में घुसने के बाद चिराग और पारस ने राकेश खन्ना पर हमला किया और कथित तौर पर उनका गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद दोनों ने घर में रखे सोने और अन्य कीमती सामान की तलाश की। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। हत्या के बाद सिमरन की गतिविधियों पर हुआ शक पुलिस के अनुसार वारदात के बाद भी सिमरन को घर के आसपास देखा गया था। जांच के दौरान उसकी गतिविधियां पुलिस के संदेह के घेरे में आईं हैं। बताया जा रहा हैं की 30 अगस्त को उसकी मौजूदगी को लेकर दिए गए बयानों के बाद पुलिस ने उसके मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और व्हाट्सऐप गतिविधियों की जांच की हैं। पुलिस ने मामले में सिमरन, 22 वर्षीय चिराग और 19 वर्षीय पारस को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मुख्य सहयोगी हिमांशु अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। 70 हजार रुपये और सोने के आभूषण बरामद पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से करीब 70 हजार रुपये और सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। जांच के आधार पर पुलिस मामले की जांच को आगे बढ़ा रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है। मामले में साउथ रोहिणी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में उनकी भूमिका, लूटे गए सामान और फरार हिमांशु से जुड़े सुरागों की जानकारी जुटा रही है।