-
☰
Lucknow News: प्यार में एक-दूसरे के करीब आए रिश्तेदार, परिवार की मंजूरी न मिलने पर दोनों ने उठाया खौफनाक कदम
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां कथित तौर पर रिश्तेदारी में भाई-बहन लगने वाले एक युवक और युवती ने परिवार की मंजूरी न मिलने के बाद अपनी जान दे दी। परिजनों को दोनों के शव घर के एक कमरे में मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कैसे शुरू हुआ दोनों के बीच रिश्ता? जानकारी के मुताबिक, करीब सात साल पहले अनिकेत की बहन ने अंजलि के भाई से लव मैरिज की थी। इस शादी के बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद हो गया था और दोनों पक्षों के बीच बातचीत भी बंद हो गई थी। इसी दौरान अनिकेत और अंजलि की एक-दूसरे से जान-पहचान हुई। बताया जा रहा है कि पिछले करीब तीन साल से दोनों एक-दूसरे के संपर्क में थे और शादी करना चाहते थे, लेकिन करीबी रिश्तेदारी के कारण दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। बताया जा रहा है कि अनिकेत तेलीबाग की न्यू कॉलोनी में अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहता था। 23 जुलाई को वह परिवार से अहमदाबाद जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह नोएडा के खोड़ा कॉलोनी में रहने वाली अपनी बुआ के घर पहुंचा, जहां अंजलि भी उसके साथ थी। दोनों वहां से अयोध्या चले गए। बाद में अनिकेत के परिजनों ने काफी तलाश के बाद दोनों को ढूंढ लिया। कानपुर स्टेशन से परिजनों को चकमा देकर हुए फरार जानकारी के अनुसार, परिजन दोनों को समझाने के लिए उन्हें इटावा में रहने वाले एक रिश्तेदार के घर ले जा रहे थे। इसी दौरान शनिवार को दोनों कानपुर रेलवे स्टेशन पर परिजनों को चकमा देकर वहां से चले गए। इसके बाद परिजन इटावा से वापस अपने घर लौट आए। बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात करीब एक बजे जब परिजन घर पहुंचे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा खोलने पर दोनों के शव कमरे में मिले। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और फॉरेंसिक टीम की मदद से मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घटना के पीछे की वास्तविक वजह और पूरे घटनाक्रम की भी जांच कर रही है।