-
☰
Paper Leak Protest: सरकार और CJP के बीच आज हुई अहम वार्ता, प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की गई अपील
- Photo by : social media
संक्षेप
दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में चल रहे प्रदर्शन के बीच केंद्र सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत की संभावना मजबूत होती दिखाई दे रही है।
विस्तार
दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में चल रहे प्रदर्शन के बीच केंद्र सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत की संभावना मजबूत होती दिखाई दे रही है। दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों के बीच आज अहम बैठक प्रस्तावित है। बैठक से पहले CJP नेताओं ने प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने, भड़काऊ नारेबाजी से बचने और किसी भी प्रकार की हिंसा में शामिल न होने की अपील की है। CJP नेताओं ने बताया कि सोनम वांगचुक ने अपना अनशन समाप्त कर दिया है और उनकी अन्य मांगों को लेकर सरकार के साथ बातचीत जारी है। उन्होंने समर्थकों से कहा कि ऐसा कोई कदम न उठाएं, जिससे सरकार के साथ चल रही वार्ता प्रभावित हो या विफल हो जाए। इस बीच, सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंगमो ने कहा कि उन्हें सरकार की ओर से लिखित आश्वासन मिला है कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ किसी भी प्रकार का शारीरिक बल प्रयोग, लाठीचार्ज या कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आंदोलन की आगे की रणनीति आज होने वाली बैठक के बाद तय की जाएगी। गीतांजलि आंगमो ने यह भी कहा कि यदि सरकार ने पहले ही संबंधित मंत्री का इस्तीफा स्वीकार कर लिया होता और पेपर लीक मामले में शामिल लोगों के खिलाफ समय रहते सख्त कार्रवाई की होती, तो आंदोलन इतना व्यापक रूप नहीं लेता। वहीं, शिवसेना (यूबीटी) सांसद अनिल देसाई ने कहा कि यह आंदोलन युवाओं की मांगों को लेकर शुरू हुआ था, जिसमें बाद में सोनम वांगचुक भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सरकार ने देर से ही सही, लेकिन वांगचुक की सेहत को देखते हुए बातचीत शुरू की और उनकी मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाया। हालांकि, छात्रों और युवाओं की कई प्रमुख मांगें अब भी लंबित हैं। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार इन मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहने की संभावना बनी रहेगी।