-
☰
Wedding Jewelry Theft: गर्लफ्रेंड के शौक पूरे करने के लिए युवक ने अपने घर में ही कर डाली चोरी, गहने नहीं बिके तो प्रेमिका की मां को बेचे
- Photo by : social media
संक्षेप
दिल्ली: खजूरी खास इलाके से चोरी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है।
विस्तार
दिल्ली: खजूरी खास इलाके से चोरी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, खुबैब उर्फ कैफ नाम के 21 वर्षीय युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड के साथ क्लब, डिस्को और महंगे होटलों में घूमने के खर्च के लिए अपने ही घर से ज्वेलरी चोरी कर ली। परिवार में बड़े भाई सलमान की 13 सितंबर को शादी होनी है, जिसके लिए घर में सोने-चांदी के गहने खरीदकर रखे गए थे। 29 अगस्त को खुबैब के पिता हाफिज नजमुल हसन ने घर से 15 हजार रुपये नकद और कई गहने गायब होने की शिकायत खजूरी खास पुलिस से की। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पूछताछ में छोटे बेटे पर हुआ चोरी करने का शक चोरी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने घर में मौजूद लोगों और संदिग्धों से पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान पुलिस का शक परिवार के छोटे बेटे खुबैब उर्फ कैफ पर गया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार, उसने घर से ज्वेलरी चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ क्लब, डिस्को और महंगे होटलों में घूमने का खर्च जुटाना चाहता था। उसने पहले अपने बड़े भाई से पैसे मांगे थे, लेकिन पैसे नहीं मिलने पर घर में रखे शादी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस अब चोरी की पूरी ज्वेलरी और रकम से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। सुनारों ने नहीं खरीदे गहने तो बदली गहने बेचने की तरकीब पुलिस के मुताबिक, चोरी करने के बाद खुबैब ज्वेलरी बेचने के लिए अलग-अलग सुनारों के पास गया, लेकिन किसी ने भी कथित तौर पर गहने खरीदने में दिलचस्पी नहीं दिखाई। इसके बाद उसने गहने बेचने के लिए अपनी गर्लफ्रेंड की मां शाइस्ता से संपर्क किया। आरोप है कि शाइस्ता ने युवक से कुछ रुपये देकर गहने अपने पास रख लिए। पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए खुबैब और शाइस्ता दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, शाइस्ता के पास से एक सोने की अंगूठी और एक जोड़ी सोने के झुमके बरामद किए गए हैं। बाकी गहनों की तलाश और उनकी बरामदगी के प्रयास जारी हैं। दोनों आरोपी हुए गिरफ्तार, बाकी गहनों की तलाश जारी मामले में पुलिस ने युवक खुबैब उर्फ कैफ और उसकी गर्लफ्रेंड की मां शाइस्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी किए गए बाकी गहने कहां गए और क्या उन्हें किसी अन्य व्यक्ति को बेचा गया है। शुरुआती जांच के अनुसार, युवक कथित तौर पर अपनी गर्लफ्रेंड के साथ घूमने-फिरने और महंगे शौक पूरे करने के लिए पैसे जुटाना चाहता था। इसी उद्देश्य से उसने परिवार के शादी के लिए रखे गहनों को चोरी कर लिया। पुलिस ने बरामद सामान को जांच में शामिल कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।