-
☰
छत्तीसगढ़: नाबालिग छात्र को पासबुक देने से बैंक ने किया इनकार, पढ़ाई पर पड़ रहा असर
- Photo by :
संक्षेप
छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की पटेवा शाखा में नाबालिग खाताधारकों को पासबुक नहीं दिए जाने का मामला सामने आया है।
विस्तार
छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की पटेवा शाखा में नाबालिग खाताधारकों को पासबुक नहीं दिए जाने का मामला सामने आया है। बैंक के इस फैसले से छठवीं कक्षा में पढ़ने वाला एक छात्र परेशान है। परिजनों का आरोप है कि पासबुक नहीं होने के कारण बच्चे को स्कूल में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, ग्राम सिनोधा निवासी दिनेश कुमार हिरवानी के पुत्र ऋषिकेश हिरवानी का प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत पटेवा बैंक शाखा में खाता है। छात्र शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, सिनोधा में कक्षा छठवीं में पढ़ता है। पिता का कहना है कि स्कूल की ओर से बच्चे को रोजाना बैंक पासबुक लाने के लिए कहा जा रहा है। पासबुक नहीं होने के कारण बच्चा स्कूल में डांट पड़ने के डर से परेशान रहता है। परिजनों के मुताबिक, जब वे पासबुक लेने बैंक पहुंचे तो कर्मचारियों ने यह कहते हुए पासबुक देने से इनकार कर दिया कि बच्चा नाबालिग है और साल में केवल दो-तीन बार ही खाते में लेन-देन करता है। बैंक की ओर से बताया गया कि 18 साल की उम्र पूरी होने के बाद ही पासबुक दी जाएगी। फिलहाल बैंक द्वारा खाताधारक की जानकारी एक सादे कागज पर प्रिंट करके सील और हस्ताक्षर के साथ दी जा रही है। वहीं, परिजनों का कहना है कि स्कूल प्रबंधन बैंक पासबुक या उसके पहले पन्ने की कॉपी मांग रहा है, जबकि बैंक की ओर से दी गई पर्ची को स्वीकार नहीं किया जा रहा है। इससे बच्चे की पढ़ाई और मानसिक स्थिति पर असर पड़ रहा है। परिजनों ने जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर नाबालिग खाताधारकों को पासबुक उपलब्ध कराने की मांग की है।