-
☰
मध्य प्रदेश: सुख सागर उदासीन आश्रम में धूमधाम से मनाई गई गोपाष्टमी, गौ सेवा का बताया महत्व
- Photo by : social media
संक्षेप
मध्य प्रदेश: संत हिरदाराम नगर स्थित सुख सागर उदासीन आश्रम में इन दिनों कार्तिक महोत्सव धार्मिक उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में गोपाष्टमी के अवसर पर विशेष सत्संग एवं प्रवचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
विस्तार
मध्य प्रदेश: संत हिरदाराम नगर स्थित सुख सागर उदासीन आश्रम में इन दिनों कार्तिक महोत्सव धार्मिक उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में गोपाष्टमी के अवसर पर विशेष सत्संग एवं प्रवचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धार्मिक प्रवचनों का लाभ उठाया। आश्रम में 11 नवंबर से 24 नवंबर तक गुरु नानक जयंती के अवसर तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आश्रम के गद्दीनशीन महंत स्वामी बाबा रामदास उदासीन के सानिध्य में प्रतिदिन सुबह 4 बजे से 7 बजे तक तथा शाम 7 बजे से रात 9 बजे तक सत्संग और प्रवचन होते हैं। गोपाष्टमी के विशेष आयोजन में स्वामी बाबा रामदास उदासीन ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का वर्णन करते हुए बताया कि इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने गौचारण की शुरुआत की थी। उन्होंने भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं में गौ माता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मान्यताओं के अनुसार गाय में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास माना जाता है। गोपाष्टमी पर गौ माता की पूजा और सेवा करने से श्रद्धालुओं को पुण्य एवं सौभाग्य की प्राप्ति होती है। उन्होंने स्कंद पुराण और पद्म पुराण का उल्लेख करते हुए बताया कि इस दिन गौ सेवा करना अत्यंत पुण्यदायी माना गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गौ सेवा से सौ यज्ञों के समान फल प्राप्त होता है। प्रवचन के दौरान गुरु ग्रंथ साहिब की शिक्षाओं और कार्तिक मास की धार्मिक महत्ता पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में गुरु माता राधा देवी उदासीन, संतोष कुमार उदासीन, नानक कुमार उदासीन और सागर उदासीन सहित अनेक संत मौजूद रहे। इसके अलावा बाबा गोविंददास सेवा समिति के नारायणदास सबनानी, माधु चांदवानी, तुलसी सदारंगानी, लाल जसवानी, श्याम गोपलानी, रमेश कुमार दरयानी, उधवदास पारवानी, दीपक साधवानी, मोहनलाल, लीलाराम लेखवानी और अमित सदारंगानी सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की।